Connect with us

अपराध

नहर में मिले युवती के शव की हुई पहचान, हत्या के शक में तीन हिरासत में

Published

on

Loading...
Loading...

संतकबीरनगर। जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में पुलिस लाइन के पीछे मोहिउद्दीनपुर के पास नहर में मिले अज्ञात युवती के शव की पहचान पुलिस ने 48 घंटे के भीतर कर ली है। मृतका की पहचान बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के रैन गांव निवासी सुमन गौड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में हत्या की आशंका के चलते तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और जल्द ही मामले का आधिकारिक खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 3 बजे पुलिस लाइन के पीछे मोहिउद्दीनपुर के पास नहर के पाइप में एक युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। बताया जाता है कि नहर के पास बकरी चरा रहे कुछ बच्चों की नजर पाइप के अंदर पड़े शव पर पड़ी। बच्चों ने तुरंत इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी, जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। उस समय शव की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस की जांच के दौरान 48 घंटे के भीतर मृतका की पहचान सुमन गौड़ के रूप में हुई, जो मूल रूप से बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के रैन गांव की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि सुमन पिछले करीब दो वर्षों से संतकबीरनगर जिले में रहकर डीके बैंड बाजा कंपनी में आर्केस्ट्रा कलाकार के रूप में काम करती थी।

मृतका के परिजनों को जब घटना की सूचना मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Advertisement

पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले को गंभीरता से लेते हुए कई पहलुओं पर जांच की जा रही है। संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि अभी तक पुलिस की ओर से मामले का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि पुलिस इस ब्लाइंड मर्डर के खुलासे के बेहद करीब पहुंच चुकी है और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जा सकता है।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटी हुई है और हत्या के पीछे के कारणों व इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page