चन्दौली
पेड़ से लटकता मिला हाईस्कूल की छात्रा का शव
चंदौली। जनपद के धानापुर थाना क्षेत्र के सकरारी गांव स्थित कोहड़ा पुलिया के पास शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने सीसम के पेड़ से एक किशोरी का शव लटका हुआ देखा। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी गई।
मृतका की पहचान बंधवापर गांव निवासी 16 वर्षीय पूजा यादव के रूप में हुई, जो राजनरायन यादव की पुत्री थी। बताया जा रहा है कि पूजा यादव इस वर्ष हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा दे रही थी। शुक्रवार सुबह जब राहगीरों की नजर कोहड़ा पुलिया के पास पेड़ से लटके शव पर पड़ी तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोरी के पैर जमीन से सटे हुए थे, जिससे घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।
सूचना मिलने पर धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर उसकी शिनाख्त कराई। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा जताई जा रही आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।
