गोरखपुर
दहेज में बाइक की मांग पर विवाहिता से मारपीट, पति समेत चार पर मुकदमा दर्ज
गोरखपुर। जिले के हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिसवा निवासिनी पुष्पा पुत्री मिठाई लाल की तहरीर पर पुलिस ने पति शेर बहादुर पुत्र कल्पनाथ, सास किसमती देवी पत्नी कल्पनाथ, ससुर कल्पनाथ पुत्र राम आसरे और देवरानी गुड़िया देवी पत्नी चन्द्रजीत के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352, 351(3), 85, 4/3 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई है।
थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिसवा निवासिनी पुष्पा पुत्री मिठाई लाल ने थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मेरी शादी 10 मई 2019 को ग्राम पंचायत पचौरी निवासी शेर वहादुर पुत्र कल्पनाथ के साथ हुई थी, हमारे दो बच्चे भी हैं। शादी के कुछ दिन बाद से ही पति शेर बहादुर सिंह, सास किसमती देवी, ससुर कल्पनाथ और देवरानी गुड़िया देवी मिलकर दहेज में अतिरिक्त रुपए और मोटरसाइकिल की मांग को लेकर हमेशा गालियां देते हुए मारते पीटते रहते थे। एक जनवरी 2026 को हमारे पति शेर बहादुर सिंह ने मुझे भद्दी भद्दी गालियां देते हुए मारपीट कर जान-माल की धमकी देते हुए घर से निकाल दिए।
इस संदर्भ में थानाध्यक्ष विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति सहित ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
