Connect with us

गोरखपुर

आस्था की अलौकिक छटा के बीच श्रीराम महायज्ञ का शुभारंभ, हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम सभा बिहारी में शनिवार से नव दिवसीय श्रीराम महायज्ञ का भव्य और आध्यात्मिक शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई भव्य जल यात्रा एवं कलश यात्रा से हुई, जिसमें क्षेत्र के अनेक गांवों से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा वातावरण भगवान श्रीराम के जयघोष और भक्ति गीतों से गूंज उठा।

जल यात्रा के दौरान बाजे-गाजे, हाथी-घोड़े और आकर्षक झांकियों के साथ श्रद्धालु पवित्र जल लेकर यज्ञ स्थल तक पहुंचे। इस भव्य यात्रा में एक हजार एक कन्याओं और महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर आस्था और परंपरा की अद्भुत मिसाल प्रस्तुत की। गांव की गलियों से लेकर मुख्य मार्गों तक श्रद्धालुओं का सैलाब दिखाई दिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

इस पावन आयोजन का संचालन यज्ञाचार्य आचार्य प्रवीण पाण्डेय के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ। उनके साथ कौस्तुभ पाण्डेय, हर्षित मिश्रा, शुभम् द्विवेदी और संतोष मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी धार्मिक अनुष्ठानों को विधिवत सम्पन्न कराया।

Advertisement

आचार्य प्रवीण पाण्डेय ने बताया कि यह नव दिवसीय श्रीराम महायज्ञ क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और लोककल्याण की भावना से आयोजित किया गया है। यज्ञ के दौरान प्रतिदिन वैदिक अनुष्ठान, प्रवचन और भजन-कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु भाग लेंगे।

ग्रामीणों और आयोजकों के सहयोग से पूरा आयोजन स्थल भव्य रूप से सजाया गया है। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और धर्म व संस्कृति के इस पावन महापर्व में अपनी आस्था प्रकट की।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page