गोरखपुर
ई-फाइल और आईजीआरएस फीडिंग को लेकर जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
एसआईआर की धीमी प्रगति पर पशु चिकित्साधिकारी पर जताई नाराजगी, वेतन बाधित करने की चेतावनी
दो घंटे तक तहसील में डटे रहे डीएम दीपक मीणा
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला तहसील मुख्यालय पर जिलाधिकारी दीपक मीणा अपने लाव-लश्कर के साथ पहुंचे और औचक निरीक्षण किया। वह लगभग दो घंटे तक तहसील परिसर में मौजूद रहे तथा विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया, हालांकि कई बिंदुओं पर सख्त निर्देश भी जारी किए।
स्थानीय पत्रकारों के साथ वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि ई-परवाना ऑनलाइन जारी करने तथा जनसुनवाई से संबंधित सभी प्रकरणों की अनिवार्य रूप से आईजीआरएस पर फीडिंग की जाए, चाहे शिकायत तहसील दिवस की हो अथवा प्रतिदिन प्राप्त होने वाली। उन्होंने बताया कि कलेक्ट्रेट और विकास भवन की तर्ज पर अब तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर भी ई-फाइल के माध्यम से कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जिसके लिए प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया है।
लेखागार के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बस्तों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। जिन दस्तावेजों, नक्शों, खसरा-खतौनी अथवा अन्य अभिलेखों की कमी है, उनकी सूची तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा, ताकि उन्हें शीघ्र उपलब्ध कराया जा सके। न्यायालय संबंधी मामलों में लेखपाल एवं आरआई को समयबद्ध रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि न्यायालय के आदेशों का अनुपालन अनिवार्य है और इसके लिए पीठासीन अधिकारी रजिस्टर संधारित करें तथा आदेश प्राप्त होते ही उसका अनुपालन कराएं। जिलाधिकारी ने बताया कि लेखपालों और एआरओ की बैठक लेकर एसआईआर तथा फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा की गई। जिनकी प्रगति धीमी पाई गई है, उन्हें समय दिया गया है, किंतु लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। एसआईआर कार्य में सुस्ती को लेकर जिलाधिकारी ने पशु चिकित्साधिकारी विजय गुप्ता पर नाराजगी व्यक्त करते हुए वेतन बाधित करने की चेतावनी दी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील परिसर में अधिकारियों के आवासीय प्रबंध की भी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि ई-गवर्नेंस को तेजी से लागू करना प्राथमिकता है। आईजीआरएस फीडिंग, ई-फाइल तथा एसआईआर जैसे कार्यों में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी समयबद्ध और पारदर्शी कार्य सुनिश्चित करें, अन्यथा कार्रवाई तय है।
तहसील निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी देर रात सीएचसी गोला पहुंचे और वहां भी औचक निरीक्षण किया। लगभग 8:20 बजे पहुंचे डीएम ने उपस्थिति रजिस्टर की जांच की, जहां सभी कर्मचारी ड्यूटी पर उपस्थित मिले। स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
इस दौरान सीआरओ हिमांशु वर्मा, उपजिलाधिकारी अमित कुमार जायसवाल, एसडीएम न्यायिक आलोक सिंह, तहसीलदार सत्येंद्र कुमार मौर्य, नायब तहसीलदार जय प्रकाश, बीडीओ बड़हलगंज मनोज कुमार सिंह, गोला दिवाकर सिंह आदि उपस्थित रहे।
