गोरखपुर
आत्महत्या के दुष्प्रेरण मामले में एक अभियुक्त गिरफ्तार
गोरखपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर अपराध नियंत्रण एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना गुलरिहा पुलिस को आत्महत्या के दुष्प्रेरण से जुड़े प्रकरण में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस ने इस मामले में एक नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष इत्यानन्द पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीम ने थाना गुलरिहा पर पंजीकृत मु0अ0सं0 141/2026 से संबंधित अभियुक्त अनिरुद्ध सिंह पुत्र स्व० रामाश्रय सिंह निवासी अर्जुनडीहा, थाना गौरीबाजार, जनपद देवरिया को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के विरुद्ध धारा 108/351(3), 61(2) बीएनएस एवं 7/4 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी के उपरांत अग्रिम विधिक प्रक्रिया जारी है।
प्रकरण के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार 22 फरवरी 2026 को थाना गुलरिहा में एक महिला ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अभियुक्तों द्वारा उसके पति को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही थी। आरोप है कि मानसिक उत्पीड़न से आहत होकर उसके पति ने आत्मघाती कदम उठा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ की।
विवेचना के दौरान एकत्र साक्ष्यों के आधार पर नामजद अभियुक्त की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार प्रकरण के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष इत्यानन्द पाण्डेय एवं कांस्टेबल संजीव कुमार, थाना गुलरिहा शामिल रहे। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल व्याप्त है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उत्पीड़न, धमकी अथवा अवैध दबाव से संबंधित शिकायत मिलने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
