वायरल
विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा करने तीन घंटे देरी से पहुंचे प्रभारी मंत्री, अधिकारियों को दिए निर्देश
देवरिया में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और जनपद के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह बुधवार को लगभग तीन घंटे की देरी से पहुंचे। कलेक्ट्रेट सभागार में उनके आगमन का तीन बजे से इंतजार विधायक और वरिष्ठ अधिकारी कर रहे थे। मंत्री ने जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
बैठक में ग्राम विकास विभाग, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूह, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण व शहरी), 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत ग्राम पंचायत कार्य, ऑपरेशन कायाकल्प, जल जीवन मिशन, गौ संरक्षण, पीएम सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और पीएम कुसुम योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को इन योजनाओं में तेजी लाने और पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने ब्लॉकवार जलापूर्ति और संचालित योजनाओं की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने का सुझाव दिया, जिस पर मंत्री ने आवश्यक निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, सड़क निर्माण कार्यों, विद्युत पोल शिफ्टिंग और अन्य आधारभूत ढांचा परियोजनाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
