वायरल
समय माता मंदिर पक्का पोखरा के सौंदर्यीकरण कार्यों का डीएम ने किया निरीक्षण
संतकबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने शहर के समय माता मंदिर स्थित पक्का पोखरा में चल रहे सौंदर्यीकरण एवं अन्य निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जयप्रकाश तथा मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने पक्का पोखरा के सौंदर्यीकरण के तहत कराए जा रहे निर्माण कार्यों की स्थिति की विस्तृत जानकारी संबंधित कार्यदायी संस्था सीएनडीएस और विभागीय अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सीएनडीएस द्वारा संचालित परियोजना में शामिल कार्यों की उपयोगिता और आवश्यकता का परीक्षण करने के निर्देश दिए तथा जरूरत पड़ने पर संशोधन के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया।
मौके पर अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग आर.के. पांडेय, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका खलीलाबाद अवधेश भारती, ओएसडी राकेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
