गोरखपुर
निस्वार्थ सेवा के संकल्प के साथ आईटीएम, गीडा में स्मृति व्याख्यान श्रृंखला का आयोजन
गीडा (गोरखपुर)। इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, गीडा, गोरखपुर तथा वॉयस ऑफ नेशन आयोजक के संयुक्त तत्वावधान में संस्थान परिसर में स्मृति व्याख्यान श्रृंखला के अंतर्गत “निस्वार्थ सेवा के लिए संकल्प” विषय पर एक प्रेरणादायी व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा-भाव, कर्तव्यनिष्ठा तथा राष्ट्रनिर्माण की चेतना को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती और माँ भारती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन के साथ किया गया |
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रचार टोली के सदस्य श्री मुकुल कानिटकर ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि व्यक्तिगत चरित्र और राष्ट्रीय चरित्र का समन्वय ही सशक्त राष्ट्र की नींव होता है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति अपने जीवन में अनुशासन, नैतिकता और कर्तव्यबोध को अपनाता है, तभी राष्ट्र का चरित्र भी सुदृढ़ होता है। उन्होंने भगवद्गीता के उपदेशों का उल्लेख करते हुए बताया कि गीता कर्मयोग, संतुलन और निस्वार्थ भाव से जीवन जीने की प्रेरणा देती है, जिससे जीवन में स्पष्ट दिशा और आत्मबल प्राप्त होता है।
वॉयस ऑफ नेशन के प्रमुख आयोजक श्री प्रफुल्ल केटकर ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह स्मृति व्याख्यान श्रृंखला युवाओं को स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित भाव से कार्य करने हेतु प्रेरित करने का सतत प्रयास है। उन्होंने कहा कि ऐसे वैचारिक कार्यक्रम राष्ट्रनिर्माण की प्रक्रिया को सुदृढ़ करते हैं।
इस अवसर पर प्रोफेसर आशुतोष सिंह (भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, प्रयागराज) ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल बौद्धिक विकास नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करना है।
संस्थान के निदेशक डॉ. एन. के. सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आईटीएम, गीडा में तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रबोध को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का अभिन्न अंग माना जाता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से छात्र न केवल श्रेष्ठ पेशेवर बनते हैं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक के रूप में भी स्वयं को विकसित करते हैं।
डॉ. सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए वॉयस ऑफ नेशन आयोजक मंडल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मुख्य अतिथि श्री मुकुल कानिटकर सहित सभी विशिष्ट अतिथियों का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन शांभवी द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।
कार्यक्रम में सहजनवां के विधायक श्री प्रदीप शुक्ला, सिसवा बाजार (महाराजगंज) के विधायक श्री प्रेम सागर पटेल, संस्थान के संयुक्त सचिव श्री अनुज अग्रवाल, फार्मेसी निदेशक श्री पी. डी. पांडा डॉ. आर. एल. श्रीवास्तव, डॉ. ए. आर. त्रिपाठी, डॉ. वीरेंद्र श्रीवास्तव, डॉ. आशुतोष गुप्ता, डॉ. मनोज कुमार मिश्र, डॉ. आशुतोष राव, डॉ. संत प्रसाद, डॉ. खालिद हसन, डॉ. एस. के. पांडेय, शालिनी सिंह तथा ए. के. सिन्हा सहित संस्थान के सभी छात्र एवं छात्राएं मौजूद रहे |
