Connect with us

वाराणसी

गेस्ट हाउस की आड़ में देह व्यापार का खुलासा, पांच गिरफ्तार

Published

on

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के त्रिदेव मंदिर के पास स्थित विजय लक्ष्मी गेस्ट हाउस में गेस्ट हाउस की आड़ में देह व्यापार का अनैतिक धंधा संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर पर प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस और एसओजी-2 की संयुक्त टीम ने छापेमारी की, जिसमें तीन युवतियों, एक ग्राहक और गेस्ट हाउस के मैनेजर को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने जांच और पूछताछ की प्रक्रिया शुरू कर दी।

एसीपी अपूर्व पांडेय ने बताया कि पुलिस कमिश्नर की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर पर सूचना मिली थी कि संबंधित गेस्ट हाउस में देह व्यापार का अनैतिक कार्य किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस और एसओजी-2 टीम ने गेस्ट हाउस में दबिश दी। छापेमारी के दौरान एक युवक और एक युवती आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए, जबकि दो अन्य युवतियां भी वहां मौजूद थीं। इस पर तीनों युवतियों, ग्राहक और गेस्ट हाउस मैनेजर को हिरासत में ले लिया गया।

एसीपी ने बताया कि बरामद आपत्तिजनक सामग्री से देह व्यापार की गतिविधियों की पुष्टि हुई है। पकड़े गए सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों, ग्राहकों और नेटवर्क के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सके। साथ ही गेस्ट हाउस संचालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page