Connect with us

वाराणसी

यार्ड में मैसूर एक्सप्रेस की बोगी बेपटरी, रेलवे अधिकारियों ने संभाली स्थिति

Published

on

वाराणसी। कैंट स्टेशन स्थित रेलवे यार्ड में शनिवार सुबह मैसूर एक्सप्रेस की एक बोगी बेपटरी हो गई। यह घटना उस समय हुई जब मैसूर–वाराणसी एक्सप्रेस का खाली रैक प्राथमिक अनुरक्षण के लिए वाशिंग लाइन की ओर ले जाया जा रहा था। शांटिंग के दौरान सुबह 9.52 बजे पावर वैगन कम एसएलआरडी बोगी लूप लाइन पर पटरी से उतर गई। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है और ट्रेन परिचालन पूरी तरह सामान्य बना रहा।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कंट्रोल के निर्देश पर अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश कुमार यादव और स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। यांत्रिक विभाग के कर्मचारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बेपटरी हुई बोगी को पुनः पटरी पर लाने का कार्य शुरू कर दिया। इस दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया और आवश्यक सावधानियां बरती गईं।

स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि इस घटना का रेलवे की परिचालन व्यवस्था पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है और ट्रेनों का संचालन सुचारू रूप से जारी है। वहीं अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश कुमार यादव ने कहा कि इस तरह की घटनाएं कभी-कभार होती हैं, लेकिन रेलवे प्रशासन की तत्परता से स्थिति को शीघ्र नियंत्रित कर लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

रेलवे प्रशासन ने घटना के बाद संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। मैसूर एक्सप्रेस की बोगी के बेपटरी होने की इस घटना में रेलवे की त्वरित कार्रवाई और कार्यकुशलता एक बार फिर सामने आई है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page