शिक्षा
सत्र 2026-27 से कक्षा 9 और 11 में व्यावसायिक शिक्षा होगी अनिवार्य
वाराणसी। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने विद्यालयी पढ़ाई को रोजगारोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। परिषद द्वारा शैक्षिक सत्र 2026-27 से कक्षा 9 और कक्षा 11 में व्यावसायिक शिक्षा को अनिवार्य करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि वाराणसी जिले के 14 विद्यालयों में पहले से ही व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत आईटी, आईटीईएस, इलेक्ट्रॉनिक्स, एपेरल तथा ब्यूटी एंड वेलनेस जैसे विषयों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा वाराणसी में इन विषयों के अतिरिक्त फल एवं खाद्य संरक्षण, पुस्तकालय विज्ञान, परिधान रचना, आशुलिपिक टंकण, रेडियो और टेलीविजन जैसे पाठ्यक्रम भी पढ़ाए जा रहे हैं।
प्रत्येक पाठ्यक्रम के संचालन के लिए प्रति विद्यालय दो-दो शिक्षकों की तैनाती की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जिले में व्यावसायिक कोर्स संचालित हो रहे हैं, जिससे छात्रों के कौशल विकास के साथ-साथ उनके लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
