वाराणसी
चलती सवारी गाड़ी से कूदने पर महिला की मौत
वाराणसी। जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत हरहुआ–पांचोशिवाला पंचक्रोशी मार्ग पर एक दर्दनाक हादसे में एक महिला की जान चली गई। चलती सवारी गाड़ी से अचानक कूदने के कारण महिला को सिर में गंभीर चोट आई, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद सवारी वाहन का चालक गाड़ी सहित मौके से फरार हो गया। मृतका की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत दोपहर बाद हरहुआ चौराहे की ओर से एक मैजिक सवारी वाहन यात्रियों को लेकर पांचो शिवाला की दिशा में जा रहा था। पंचक्रोशी मार्ग पर पांचो शिवाला के समीप पहुंचते ही वाहन में सवार एक महिला ने अचानक चलती गाड़ी से नीचे छलांग लगा दी। सड़क पर गिरते ही महिला के सिर में गंभीर चोट लग गई। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते और मदद के लिए आगे बढ़ते, उससे पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत बड़ागांव थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। महिला कहां की रहने वाली थी, कहां जा रही थी और उसने चलती गाड़ी से छलांग क्यों लगाई, इस संबंध में फिलहाल कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि महिला वाहन से उतरना चाह रही होगी। संभव है कि उसने चालक से गाड़ी रोकने को कहा हो, लेकिन वाहन नहीं रुकने पर उसने जल्दबाजी में यह कदम उठा लिया हो। हालांकि, महिला द्वारा ऐसा करने के पीछे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में महिला की मौत हुई है और अब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पहचान के प्रयास में महिला की तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई है। साथ ही, फरार सवारी वाहन चालक की तलाश भी की जा रही है।
