वाराणसी
सिगरा पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब की खेप संग दो तस्करों को दबोचा
वाराणसी। जनपद में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में सिगरा पुलिस ने शुक्रवार तड़के सुबह बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सिगरा थाना क्षेत्र में लहरतारा पुल के नीचे छापेमारी कर अवैध अंग्रेजी शराब की भारी खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार जानकारी मिली थी कि कुछ लोग अवैध अंग्रेजी शराब लेकर क्षेत्र में सप्लाई की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान वकील पांडे निवासी शिवपुर भभुआ और मुन्ना प्रसाद निवासी मोहनियां भभुआ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से 16 पेटियों में भरी कुल 768 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब, 1110 रुपये नकद तथा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए।
बरामद सामान को कब्जे में लेते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इसके साथ ही पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
