गोरखपुर
अपहरण कर फिरौती मांगने वाले चार अभियुक्त गिरफ्तार
गोरखपुर। जिले की थाना शाहपुर पुलिस ने अपहरण कर फिरौती मांगने के एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अदद चार पहिया वाहन भी बरामद किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 जनवरी 2026 को वादी द्वारा थाना शाहपुर पर प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि कुछ लोगों ने चार पहिया वाहन से उनके पुत्र का अपहरण कर लिया है और उसकी रिहाई के बदले फिरौती की मांग की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना शाहपुर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर त्वरित जांच शुरू की गई।
जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपहरण की घटना में संलिप्त चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में निगम भारती उर्फ सरदार, शैलेन्द्र निषाद, सुभम यादव तथा श्यामसुन्दर उर्फ गुल्लू शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में से कुछ के विरुद्ध पूर्व से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वे शातिर किस्म के अपराधी हैं।
पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन बरामद कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद सभी अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस सफल कार्रवाई से न केवल अपहृत के परिजनों को राहत मिली है, बल्कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने में भी मदद मिली है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों के विरुद्ध ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि आम जनता में सुरक्षा की भावना बनी।
