वाराणसी
ऑटो चालक के हत्यारोपी ने पुलिस से छीनी पिस्टल, मुठभेड़ में घायल
वाराणसी। शहर के चितईपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर-नेवादा मार्ग पर बीती रात ऑटो चालक का गला रेतकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी विष्णु यादव ने पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की और पुलिस की पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अभियुक्त विष्णु कुमार
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि चितईपुर थानाक्षेत्र में पेपर काटने वाली ब्लेड से ऑटो चालक का गला रेतकर हत्या करने वाले अभियुक्त विष्णु कुमार को मौके से ही दौड़कर पकड़ लिया गया था। इसके बाद उसने भागने का प्रयास किया और पुलिस की पिस्टल छीन ली। पुलिस टीम ने उसे सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम की फायरिंग से उसके पैर में गोली लगी है।
एसीपी गौरव कुमार के अनुसार घायल अभियुक्त विष्णु यादव का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने बताया कि अभी तक मृतक ऑटो चालक की पहचान नहीं हो पाई है। ऑटो के मालिक को बुलाया गया है।

मृतक ऑटो चालक
घटना के संबंध में बताया गया कि सुंदरपुर-नेवादा मार्ग स्थित मधुबन लान के सामने अचानक ऑटो से उतरा चालक लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़ा। चालक की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो आरोपी विष्णु यादव ब्लेड फेंककर मिठाई की दुकान के पास से होता हुआ अपने घर में जाकर छिप गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने उसे पकड़ लिया और घायल चालक को तत्काल ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर मौके पर डीसीपी क्राइम सरवणन टी भी पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। डीसीपी क्राइम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को पकड़ लिया गया है और हत्या की वजह का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल ऑटो चालक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। ऑटो मालिक अशोक विहार कॉलोनी का है, उससे संपर्क साधा जा रहा है। ऑटो का नंबर UP 65 FT 2621 बताया गया है।
