गाजीपुर
सिविल बार एसोसिएशन में नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने ग्रहण किया पदभार
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर) जयदेश। सिविल बार एसोसिएशन, दिवानी न्यायालय मुहम्मदाबाद में नव-निर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण को लेकर एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता प्रेम प्रकाश राय ने की।
समारोह का शुभारम्भ मुख्य अतिथि धर्मेन्द्र पाण्डेय, जिला जज एवं सत्र न्यायाधीश, गाजीपुर तथा विशिष्ट अतिथि शक्ति सिंह एवं नूतन द्विवेदी द्वारा संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।

मुख्य अतिथि जिला जज धर्मेन्द्र पाण्डेय ने सिविल बार एसोसिएशन के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में अध्यक्ष सुभाष चन्द्र सिंह यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्यामा पाण्डेय, सचिव सौरभ राय, सह सचिव शिवानन्द सिंह यादव एवं कोषाध्यक्ष शेख इरशाद आलम मेंहदी शामिल रहे। शपथ ग्रहण के पश्चात सभी पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, न्यायिक गरिमा बनाए रखने तथा बार एवं बेंच के बीच समन्वय को और सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मुंसफ रंजीत कुमार जायसवाल, मनोज यादव एवं खालिद हुसैन अंसारी की उपस्थिति रही। वहीं समाज सेविका मीरा राय की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ताओं विरेन्द्र नाथ श्रीवास्तव, प्यारे लाल अग्रवाल, अख्तर यजदानी अब्बासी, शेष नाथ राय, काशी नाथ सिंह यादव, शिवदान तिवारी एवं उमेश मोहन राय को माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने न्यायिक क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें युवा अधिवक्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

विशेष वक्ताओं में राजेन्द्र विक्रम सिंह, अशोक तिवारी, आलोक राय, नसरे आलम एवं प्रभूनाथ राम ने अपने सारगर्भित विचार व्यक्त किए। मुख्य अतिथि धर्मेन्द्र पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि बार एवं बेंच के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर वादकारियों को शीघ्र एवं निष्पक्ष न्याय दिलाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने वरिष्ठ अधिवक्ताओं से कनिष्ठ अधिवक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनने एवं समाधान करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल एवं सुचारु संचालन अधिवक्ता सत्येन्द्र राय ने किया। अंत में अध्यक्षीय उद्बोधन में वरिष्ठ अधिवक्ता प्रेम प्रकाश राय ने सभी अतिथियों एवं अधिवक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सिविल बार एसोसिएशन सदैव न्याय, सत्य एवं विधि के मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
