मिर्ज़ापुर
मड़िहान विधानसभा के सभी बूथों पर 18 जनवरी को पुनः होगा एसआईआर ड्राफ्ट का सार्वजनिक
मड़िहान विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य समय से पहले पूर्ण कर लिया गया है। उपजिलाधिकारी मड़िहान अनेग सिंह के निरंतर प्रयासों और बीएलओ की कड़ी मेहनत से यह प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। एसआईआर पूर्ण होने के बाद विगत रविवार को मड़िहान विधानसभा के सभी 445 मतदाता स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा मतदाता सूची का पठन एवं सत्यापन कराया गया, जिसमें मतदाताओं के नाम पढ़कर सुनाए गए और आवश्यक संशोधन हेतु संबंधित प्रपत्र भी भरवाए गए।
मतदाता सूची को और अधिक पारदर्शी व सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उपजिलाधिकारी मड़िहान ने एक बार फिर 18 जनवरी को सभी 445 बूथों पर मतदाता सूची के सार्वजनिक पठन एवं प्रकाशन का निर्णय लिया है।
यह कार्यक्रम 18 जनवरी को प्रातः 10:30 बजे से सायं 4:30 बजे तक सभी बूथ स्थलों पर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मतदाता सूची में सुधार से जुड़े फॉर्म–6, फॉर्म–7 और फॉर्म–8 भरे जाएंगे। कार्यक्रम में स्थानीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ आम मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
मौके पर प्राप्त होने वाले सभी दावे और आपत्तियों का निस्तारण भी तत्काल किया जाएगा। उपजिलाधिकारी अनेग सिंह ने बताया कि मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाए रखने के लिए यह प्रक्रिया अत्यंत आवश्यक है, इसलिए सभी मतदाता समय पर पहुंचकर सूची का अवलोकन अवश्य करें।
