वाराणसी
मंदिर के दानपात्र से चोरी करने वाला अभियुक्त गिरफ्तार
वाराणसी। वाराणसी पुलिस ने मंदिर के दानपात्र से चोरी करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर अपराधों की रोकथाम और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के मार्गदर्शन में, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में तथा सहायक पुलिस उपायुक्त भेलूपुर और प्रभारी निरीक्षक थाना भेलूपुर के नेतृत्व में यह सफलता प्राप्त हुई।
थाना भेलूपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त का नाम मनोज कुमार कनौजिया है। वह प्रेम कनौजिया का पुत्र है और बी 32/21, साकेतनगर, थाना लंका, वाराणसी का रहने वाला है। अभियुक्त को गुरुवार को साकेत नगर पार्क नम्बर 1 से हिरासत में लिया गया। उसके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अभियुक्त की पहचान कर उसकी तलाश की गई। अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी बताया गया है, जिसमें कई मामले शामिल हैं। पुलिस ने अभियुक्त के पास से चोरी का सामान बरामद किया है, जिसमें 04 मध्यम साइज के गिलास, 02 छोटे साइज के गिलास, एक पैकेट में छोटी प्लेट व छोटी मूर्ति, एक बड़ी मूर्ति, एक सांप लगा हुआ अरघा, 10 बड़े लोटिया, 10 मध्यम साइज के लोटिया, 13 छोटे साइज के लोटिया तथा 5750 रुपये नकद शामिल हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार त्रिपाठी, विकास मिश्र, रोहित त्रिपाठी, मनोज कुमार राजपूत, हिमांशु मिश्रा, उप निरीक्षक श्यामसुंदर, सुनील यादव और सूरज कुमार शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
