चन्दौली
समस्याओं का निस्तारण नहीं होने पर भाकपा माले ने किया प्रदर्शन
सकलडीहा (चंदौली)। भाकपा माले की ओर से सोमवार को विभिन्न समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। आरोप लगाया गया कि बीते दिनों तहसील मुख्यालय पर चार माह से अधिक समय तक भाकपा माले ने मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया था। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने समस्याओं का निस्तारण करने का आश्वासन देकर धरना-प्रदर्शन समाप्त कराया था। आठ माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी समस्याओं का निस्तारण नहीं होने पर भाकपा माले ने तहसील गेट पर विरोध जताया।
भाकपा माले के श्रवण कुशवाहा ने कहा कि नादी ग्राम पंचायत के बोझवा गांव में बीते दिनों आई बाढ़ से सड़कें और नालियां टूट गई हैं, लेकिन आज तक उनका निर्माण नहीं हुआ। इसके साथ ही नरौली गांव में 14 दलितों को जमीन आवंटित की गई थी, लेकिन उन्हें आज तक कब्जा नहीं मिला। सकलडीहा इंटर कॉलेज को जलभराव की समस्या से मुक्त तक नहीं कराया गया। जबकि विभिन्न मांगों को लेकर भाकपा माले ने तहसील परिसर में चार माह से अधिक धरना दिया था। तहसील प्रशासन ने मामलों के निस्तारण के वादे पर धरना समाप्त कराया था, लेकिन आठ महीने बाद भी किसी समस्या का समाधान नहीं हुआ। तहसील प्रशासन ने वादा-खिलाफी की है। इसलिए विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है। चेताया कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान श्रवण कुशवाहा, श्यामदेई, अंजना देवी, रणजीत, मनोज राम, संजय सुभाष, नफाईत मास्टर, महेंद्र प्रताप, पवन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
