गोरखपुर
IndiGo: गोरखपुर में तीन उड़ानें रद्द, यात्रियों ने किया हंगामा
गोरखपुर एयरपोर्ट पर रविवार को इंडिगो की मुंबई, बेंगलुरु और दिल्ली जाने वाली उड़ानें अंतिम क्षण में रद्द कर दी गईं। इस दौरान एयरपोर्ट पहुंच चुके यात्रियों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने जमकर हंगामा किया। स्थिति को संभालने के लिए एयरपोर्ट और विमानन कंपनी के अधिकारियों को यात्रियों को समझाना पड़ा।
एयरलाइन की मुंबई से अपराह्न 3:15 बजे, दिल्ली से 4:10 बजे और बेंगलुरु से शाम 5:40 बजे आने वाली उड़ानों को संचालन के ठीक पहले ही रद्द कर दिया गया। इन उड़ानों से रवाना होने वाले यात्री निर्धारित समय पर एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। कई यात्री चेक-इन की कतार में थे, जबकि कुछ बोर्डिंग घोषणा का इंतजार कर रहे थे।
उड़ानें रद्द होने के बाद इंडिगो अधिकारियों ने यात्रियों को अगले दिन का टिकट उपलब्ध कराने की बात कही, लेकिन अधिकांश यात्रियों ने रिफंड की मांग की। यात्रियों ने कहा कि आखिरी वक्त पर उड़ानें रद्द होने से उनका पूरा कार्यक्रम प्रभावित हो रहा है, इस कारण उनकी नाराज़गी और बढ़ गई।
इससे पहले दोपहर 2:30 बजे तक एयरपोर्ट पर संचालन सामान्य रहा। सुबह 11:40 बजे दिल्ली से आने वाली इंडिगो की पहली उड़ान दस मिनट पहले पहुंच गई थी। वहीं, कोलकाता से आने वाली उड़ान भी मात्र 15 मिनट की देरी से लैंड हुई थी, जिससे यात्रियों को उम्मीद थी कि उड़ान संचालन सुचारू रहेगा।
एयरपोर्ट निदेशक संजय कुमार ने कहा कि स्थिति जल्द सामान्य होने की उम्मीद है। इंडिगो के प्रबंधक व कर्मचारियों को यात्रियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।
