गोरखपुर
ट्रैक्टर और बोलेरो की जोरदार भिड़ंत, चालक घायल
गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन मार्ग पर बीती रात एक सड़क हादसा हो गया। बेलीपार थाना क्षेत्र के महावीर छपरा चौराहे के पास ट्रैक्टर और बोलेरो हाफ डाला की आमने-सामने टक्कर में ट्रैक्टर बुरी तरह टूट गया और उसका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 11:30 बजे ट्रैक्टर चालक महावीर छपरा चौराहे की ओर जाने के लिए फोरलेन पर स्थित टर्निंग पॉइंट पर वाहन मोड़ रहा था। इसी दौरान कौड़ीराम की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो हाफ डाला ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रैक्टर का एक पहिया उखड़ गया और वाहन बीच से दो हिस्सों में टूट गया।
टक्कर के तुरंत बाद बोलेरो चालक वाहन वहीं छोड़कर भाग निकला। वहीं ट्रैक्टर चालक को सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना बेलीपार पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस घायल को जिला अस्पताल गोरखपुर भेजकर उपचार की व्यवस्था में जुट गई।
बेलीपार थाना प्रभारी विशाल कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के बाद बोलेरो चालक फरार है और घायल चालक का इलाज कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलते ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
