Connect with us

गोरखपुर

स्कार्पियो और अर्टिगा की आमने-सामने भिड़ंत, आधा दर्जन लोग घायल

Published

on

गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र के नगवां-प्रेम पक्का बाजार के पास बुधवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे में हड़कंप मच गया। बताया जाता है कि एक परिवार मुंडन संस्कार से लौट रहा था, तभी उनकी अर्टिगा कार (UP53 FC 7412) की आमने-सामने टक्कर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (UP58 AJ 6001) से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अर्टिगा का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चीख-पुकार मच गई।

हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में सुनीता देवी (40 वर्ष), कृष्णा यादव (पत्नी विजय प्रताप यादव), कंचन यादव, शिवांश यादव (9 वर्ष), प्रियांश यादव (8 वर्ष), रैशी यादव (13 वर्ष) और चालक दिवेश यादव (25 वर्ष) शामिल हैं। वहीं, आर्या यादव (15 वर्ष) बाल-बाल बच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल गोरखपुर रेफर किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो अत्यधिक गति में थी और उस पर अचानक बंदर कूद जाने से चालक का संतुलन बिगड़ गया। नियंत्रण खोने के कारण वाहन सीधे सामने से आ रही अर्टिगा में जा भिड़ा। हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही गोला पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने सड़कों से मलबा हटाने में मदद की, जिसके बाद यातायात बहाल किया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर ओवरस्पीड वाहनों पर नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page