वायरल
अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला घायल, डॉ. प्रेम त्रिपाठी की तत्परता से बची जान
कलवारी (बस्ती)। जिले के रामजानकी मार्ग पर दुबौली दूबे गांव के पास बीती शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार महिला जमीला खातून (30 वर्ष) को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं रामजानकी मार्ग के “देवदूत” कहे जाने वाले डॉ. प्रेम त्रिपाठी तुरंत मौके पर पहुंचे। उनके साथ यशपाल यादव व अन्य सहयोगी भी मौजूद रहे।
टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी बहादुरपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार घायल महिला कलवारी थाना क्षेत्र के कोड़र गांव की निवासी हैं और घटना के समय घर से बाजार जा रही थीं। पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारी और चालक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने डॉ. प्रेम त्रिपाठी की त्वरित कार्रवाई व मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता से महिला की जान बच सकी।
