गोरखपुर
सड़क हादसे में जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि के पति की मौत
गोरखपुर। जनपद के खजनी क्षेत्र से में जिला पंचायत सदस्य वार्ड नंबर 32 खजनी की प्रतिनिधि रजनी देवी के पति राजकुमार की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना बांसगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत गडैना के पास उस समय हुई जब राजकुमार किसी कार्य से बाहर जा रहे थे। अचानक सामने से आ रहे वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातम छा गया है। राजकुमार अपने मिलनसार स्वभाव और सामाजिक सेवाभाव के लिए जाने जाते थे। ग्रामीणों ने बताया कि वह हमेशा लोगों की मदद के लिए तत्पर रहते थे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। इस हृदय विदारक घटना से पूरा क्षेत्र शोकाकुल है।
