चन्दौली
बबुरी डिजिटल वालंटियर ग्रुप पर ‘केवल एडमिन’ सेटिंग से बाधित सूचना प्रवाह
बबुरी (चंदौली)। चंद्रप्रभा नदी में उफान से बबुरी क्षेत्र के तटवर्ती इलाकों में पानी भर गया है। हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन लगातार लोगों को सतर्क और जागरूक कर रहा है। वहीं, इस संकट की घड़ी में डिजिटल वालंटियर ग्रुप की भूमिका अहम हो सकती थी, लेकिन ग्रुप में ‘केवल एडमिन संदेश’ की सेटिंग होने से स्थानीय लोग क्षेत्रीय सूचनाएं साझा नहीं कर पा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ जैसी आपात स्थिति में हर व्यक्ति की ओर से सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान बेहद जरूरी है, ताकि समय पर राहत और बचाव कार्य पहुंच सके। लेकिन मौजूदा व्यवस्था में ग्रुप सदस्य सीधे तौर पर पानी भरने, सड़क कटने, फंसे लोगों या अन्य समस्याओं की जानकारी साझा नहीं कर पा रहे हैं।
पुलिस ने संभ्रांत लोगों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे बाढ़ के प्रति सतर्क रहें और प्रशासन को सहयोग दें। वहीं, स्थानीय लोग यह भी चाह रहे हैं कि डिजिटल वालंटियर ग्रुप की सेटिंग को अस्थायी तौर पर बदला जाए, ताकि जमीनी हकीकत तुरंत साझा हो सके और प्रशासनिक मदद तेजी से पहुंच सके।
