वाराणसी
चीफ पोस्टमास्टर जनरल ने प्रधान डाकघर का किया औचक निरीक्षण
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के चीफ पोस्टमास्टर जनरल प्रणव कुमार ने मंगलवार को वाराणसी के प्रधान डाकघर कैंट का औचक दौरा कर भारतीय डाक विभाग की नई डिजिटल पहल APT 2.0 का जायजा लिया। यह एडवांस्ड पोस्टल टेक्नोलॉजी, डाक सेवाओं को तेज, पारदर्शी और ग्राहक-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रणव कुमार ने बताया कि APT 2.0 के तहत सेवाओं में रियल-टाइम ट्रैकिंग, डिजिटल भुगतान का सहज इंटीग्रेशन, OTP आधारित डिलीवरी सुरक्षा, और आधुनिक यूजर इंटरफेस जैसी कई नई सुविधाएं शामिल हैं। इससे पार्सल की स्थिति पर नजर रखना आसान हो जाएगा और भुगतान प्रक्रिया भी सरल हो जाएगी।
कर्नल विनोद कुमार ने बताया कि यह प्रणाली डाक सेवाओं को एकीकृत प्लेटफॉर्म पर लाकर तेज और कुशल बनाने के साथ-साथ पूरी तरह से डिजिटल मोड में लाने का प्रयास है। हालांकि प्रारंभिक चरण में तकनीकी चुनौतियां सामने आई हैं, लेकिन इंडिया पोस्ट ने इन समस्याओं को दूर करने के लिए विशेषज्ञ सहायता टीमों को तैनात किया है।
चीफ पोस्टमास्टर जनरल ने वाराणसी रीजन की उल्लेखनीय उपलब्धि पर भी प्रकाश डाला, जहां कर्नल विनोद कुमार की अगुवाई में राखी लिफाफों की बिक्री ने पिछले वर्ष के 2,900 के मुकाबले इस बार एक लाख पचास हजार से अधिक लिफाफों की बिक्री कर नया रिकॉर्ड स्थापित किया है।
प्रणव कुमार ने इस दौरे का मकसद डाकघर की वास्तविक स्थिति और कर्मचारियों तथा ग्राहकों की समस्याओं को समझकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना बताया। यह पहल डाक सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक नया अध्याय साबित होगी।
