चन्दौली
बच्चों ने निकाली तिरंगा यात्रा

सकलडीहा (चंदौली)। पूर्व माध्यमिक विद्यालय नईबाजार से 78 फीट लंबी तिरंगा यात्रा शुक्रवार को शिक्षक और बच्चों ने संयुक्त रूप से निकालकर पूरे कस्बे में भ्रमण किया। इस दौरान तिरंगे की आन, बान, शान पर नारे लगाते हुए बच्चों ने राष्ट्रहित का संकल्प दोहराया। विद्यालय की ओर से निकाला गया लंबा तिरंगा झंडा लोगों में चर्चा का विषय बना रहा।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय नईबाजार में “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम के तहत 78 फीट लंबा तिरंगा झंडा लेकर बच्चों ने शिक्षकों के साथ प्रभात फेरी के रूप में पूरे कस्बे में भ्रमण किया। इस तिरंगा यात्रा में शिक्षकों के साथ कस्बे के व्यापारी और समाजसेवी शामिल रहे। तिरंगा यात्रा में मां भारती और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान में “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” आदि नारों से कस्बा गुंजायमान हो गया। अंत में बच्चों ने वाद-विवाद, भाषण, निबंध आदि की प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।
इस दौरान विद्यालय को तिरंगे झंडे, पोस्टर, बैनर आदि से सजाया गया। प्रधानाध्यापक अरुण रत्नाकर ने कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों, शिक्षकों सहित अभिभावकों को तिरंगे के सम्मान के लिए संकल्प दिलाया। इस मौके पर प्रधानाध्यापक अरुण रत्नाकर, ज्योति भारद्वाज, धर्मराज प्रसाद, सतीश कुमार, सुरेश कुमार, मृत्युंजय, झम्मन आदि मौजूद रहे।