Connect with us

अपराध

आईएएस ऑफिसर पर शारीरिक उत्पीड़न का आरोप, 32 साल बाद पत्नी पहुंची थाने, मुकदमा दर्ज

Published

on

लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ में शादी के 32 बाद पति पत्नी के बीच एक ऐसा विवाद सामने आया है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया है। मामला एक महिला आईएएस और उसके रिटायर हो चुके आईएएस अधिकारी से जुड़ा हुआ है। रिटायरमेंट से पहले आईएएस पत्नी ने अपने रिटायर्ड हो चुके पति पर दहेज उत्पीड़न, धोखाधड़ी पर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को दी गई तहरीर में महिला ने अपने पति पर शादी के बाद से ही प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लखनऊ के गोमती नगर थाने में महिला आईएएस ने अपने रिटायर आईएएस पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। दोनों के बीच विवाद 32 साल पहले हनीमून से ही शुरू हो गया था। पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि उनके पति शादी के बाद से ही प्रताड़ित करते हैं। तहरीर के मुताबिक, दोनों की शादी 5 मई 1990 को हुई थी। इसके बाद हनीमून के दौरान पति के शारीरिक तौर पर स्वस्थ ना होने की जानकारी हुई।

आईएएस पत्नी का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति ने मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि साल 2004 से उनके पति उनकी पूरी सैलरी खुद हड़प लेते हैं और खर्च के लिए सिर्फ 6 हजार रुपए महीने दे रहे हैं। 2015 में पत्नी के सैलरी अकाउंट में हेराफेरी कर अपना नाम जुड़वा लिया और फिर उसे अकाउंट में फर्जी ईमेल आईडी को जुड़वा कर उसका लेनदेन अपने पास मंगवाने लगे, ताकि अकाउंट में निकाली जा रही रकम की जानकारी ना हो सके।

इसके अलावा महिला के पैसों से खरीदी गई तीन प्रॉपर्टी में भी हेराफेरी कर अपना नाम जुड़वा दिया और खुद उस प्रॉपर्टी के मालिक बन गए। यही नहीं, कोरोना काल के दौरान पत्नी को ब्लैक फंगस हुआ तो उसकी रिपोर्ट छिपाकर गलत दवा दी जाने लगी। कोरोना काल के दौरान अकाउंट से बिना बताए 19.5 लाख रुपए भी निकाल लिए। पत्नी ने बताया कि इन पैसों में से 13.10 लाख शेयर मार्केट में लगा दिए और 6.40 लाख के म्यूचुअल फंड में निवेश कर दिया। पीड़िता का कहना है कि परिवार के बड़े बुजुर्गों के हस्तक्षेप के बाद पति ने यह रकम उसे लौटा दी।

महिला आईएएस ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उनके बैंक लोन के पेपर, पति का नाम संपत्ति से हटवा कर संपत्ति के कागजात दिलवा जाएं और पति के खिलाफ उचित धाराओं में कार्रवाई की जाए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa