बलिया
भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुना ‘मन की बात’, सीवी मिश्रा ने उठाईं क्षेत्रीय विकास की मांगें
रामगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में पशु औषधि केंद्र, पशु दाह गृह और अन्य स्थानीय प्रस्तावों का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री के रेडियो कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण, कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित
रामगढ़ (बलिया)। मदर टेरेसा कन्वेंट स्कूल, पचरुखिया में रविवार को भाजपा बेलहरी मंडल के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया। कार्यक्रम में बैरिया विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता सीवी मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
क्षेत्रीय विकास से जुड़े प्रस्ताव रखे
कार्यक्रम के दौरान सीवी मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं के समर्पण से ही संभव है। उन्होंने क्षेत्रीय आवश्यकताओं का उल्लेख करते हुए जन औषधि केंद्र की तर्ज पर पशु औषधि केंद्र तथा पशुओं के सम्मानजनक अंतिम संस्कार के लिए पशु दाह गृह स्थापित किए जाने की मांग रखी।
सामाजिक और सांस्कृतिक मुद्दों का भी किया उल्लेख
सीवी मिश्रा ने अपने संबोधन में सम्राट अशोक की जयंती पर शासकीय अवकाश घोषित करने, बैरिया स्थित रविदास मंदिर के निकट डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने, इब्राहिमाबाद का नाम बदलकर ‘सुदिष्ट धाम’ करने तथा बहुआरा गांव को ‘स्वतंत्रता सेनानी गांव’ घोषित किए जाने का प्रस्ताव भी रखा।
कार्यकर्ताओं ने किया समर्थन
कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने इन प्रस्तावों का समर्थन किया। इस अवसर पर अनिल सिंह, शिवानंद दुबे, मंडल अध्यक्ष मुकेश प्रजापति सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
