मिर्ज़ापुर
सपा ने मनाया संविधान मान स्तंभ दिवस, शाहूजी महाराज के योगदान को किया याद
पार्टी कार्यालय में गोष्ठी आयोजित, संविधान और आरक्षण पर वक्ताओं ने रखे विचार
सपा नेताओं ने सरकार की नीतियों की आलोचना की, संविधान की रक्षा का लिया संकल्प
मिर्जापुर। समाजवादी पार्टी ने रविवार को स्थानीय कचहरी मार्ग स्थित जिला कार्यालय लोहिया ट्रस्ट में संविधान मान स्तंभ दिवस समारोहपूर्वक मनाया। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में पार्टी नेताओं ने संविधान, सामाजिक न्याय और आरक्षण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
शाहूजी महाराज के योगदान को किया याद
गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि वर्ष 1902 में आज ही के दिन कोल्हापुर रियासत के शासक छत्रपति शाहूजी महाराज ने वंचित समुदाय को प्रशासन में उचित प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से आरक्षण लागू किया था। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत में डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से सामाजिक न्याय की इस व्यवस्था को संवैधानिक आधार प्रदान किया।
सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल
कार्यक्रम का संचालन करते हुए जिला महामंत्री आदर्श यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार संविधान की मूल भावना के विपरीत कार्य कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए जनता के साथ संघर्ष करती रहेगी।
कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष यादव, रामराज पटेल, गुलाब चंद्र यादव, राजेश भारती, डॉ. शक्ति श्रीवास्तव, बलराम यादव, रवि सोनकर, अभय यादव, मेवा लाल प्रजापति, श्याम अचल यादव, कौशिक कन्नौजिया, रमा शंकर कोल, रामजी यादव, धनंजय सिंह, प्रेम यादव, अमर नाथ चक्रवाल, छविनाथ विश्वकर्मा, कल्लू यादव, वंदना गुप्ता, प्रद्युम्न यादव, दिव्या गुप्ता, शेखर कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
