Connect with us

राज्य-राजधानी

यूपी में आंधी-तूफान का कहर, 20 लोगों की मौत, कई घायल

Published

on

Loading...
Loading...

सीएम ने दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बुधवार की रात आयी तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचायी। तेज हवाओं और ओलावृष्टि के कारण कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। राज्यभर में कुल 20 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई दर्जन घायल बताए जा रहे हैं। बदायूं, कासगंज, मेरठ, आगरा, एटा, बिजनौर, सहारनपुर समेत करीब 20 जिलों में भारी नुकसान की खबर है।

बदायूं में सबसे अधिक तबाही
बदायूं जिले के जरीफनगर क्षेत्र के कई गांवों में आंधी के बाद आग लग गई, जिसमें 80 से अधिक मकान जलकर राख हो गए। तेज हवाओं के चलते राहत कार्य में देरी हुई। फायर ब्रिगेड की टीमें रास्तों में गिरे पेड़ों के कारण समय पर नहीं पहुंच सकीं। पुलिसकर्मी खेतों के रास्ते गांवों में पहुंचे और आग बुझाने में ग्रामीणों की मदद की।

कई जगहों पर बिजली गिरी, टेंट उड़े, फसलें तबाह
सहारनपुर में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। गाजियाबाद में पेड़ गिरने से एक युवक की जान चली गई। कासगंज में आम और मक्का की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं, कई स्थानों पर शादी समारोहों में लगे टेंट तेज हवा में उड़ गए।

Advertisement

मेरठ में निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से चार घायल
मेरठ के शाहजहां कॉलोनी में निर्माणाधीन चार मंजिला मकान की दीवार गिरने से तीन अन्य मकानों की छत ढह गई। इस हादसे में दो महिलाएं और दो बच्चे घायल हो गए।

बिजनौर में ड्यूटी से लौट रहे हेड कांस्टेबल की मौत
बिजनौर में एक हेड कांस्टेबल की बाइक तूफान में गिरे पेड़ से टकरा गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक बागपत के रहने वाले पुष्पेंद्र थे।

मेंथा फैक्ट्री में भीषण आग
बदायूं के उझानी कोतवाली क्षेत्र की मेंथा फैक्ट्री में आंधी के दौरान आग लग गई। तेल के ड्रम और सिलेंडर फटने से आग ने विकराल रूप ले लिया, जिसे चार किलोमीटर दूर से भी देखा जा सका।

मुख्यमंत्री योगी का निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत पहुंचाने, सर्वेक्षण कर फसल नुकसान की रिपोर्ट भेजने तथा पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। घायलों के इलाज और जल जमाव की स्थिति से निपटने के लिए भी तत्काल उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page