Connect with us

गाजीपुर

नंदगंज बाजार में सफाई व्यवस्था चरमरायी

Published

on

Loading...
Loading...

ग्रामसभा की लापरवाही से स्वच्छता अभियान को लगा झटका

गाजीपुर। देवकली ब्लॉक के ग्रामसभा बरहपुर अंतर्गत नंदगंज बाजार में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमरायी हुई है। सरकार द्वारा लाखों रुपये खर्च कर लगाए गए कुड़ेदान अब खुद कूड़ाघर में तब्दील हो चुके हैं। दो वर्ष पूर्व स्वच्छ भारत मिशन के तहत बाजार में जगह-जगह दो-दो कुड़ेदान लगाए गए थे, जिनका उद्देश्य घरों व दुकानों से निकलने वाले कूड़े का नियमानुसार निस्तारण करना था।

हालांकि, योजना लागू होने के बाद एक दिन भी कूड़ेदान से कूड़ा नहीं उठाया गया। परिणामस्वरूप कूड़ेदान भरने के बाद लोगों ने उसके नीचे व आसपास कूड़ा डालना शुरू कर दिया। देखते ही देखते ये कुड़ेदान गंदगी के अड्डे बन गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार अधिकांश कुड़ेदान अब गायब हो चुके हैं कुछ को अराजक तत्व उठा ले गये तो कुछ टूट-फूट के बाद फेंक दिए गए। बाजार में अब गिनती के ही कूड़ेदान बचे हैं और जो हैं भी, वे खुद कूड़ाघर में तब्दील हो चुके हैं। चारों ओर फैली गंदगी से बदबू और संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है।

Advertisement

लोगों का कहना है कि सरकार से मिली भारी भरकम धनराशि ग्रामसभा की लापरवाही और अकर्मण्यता के चलते व्यर्थ चली गई। कोई निगरानी तंत्र सक्रिय नहीं है और न ही कोई जवाबदेही तय की गई है।

क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी और संबंधित उच्चाधिकारियों से मांग की है कि मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि नंदगंज बाजार फिर से स्वच्छ और व्यवस्थित बन सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page