Connect with us

वाराणसी

तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आकर युवक की मौत

Published

on

वाराणसी। बाबतपुर मार्ग पर कपसेठी थाना क्षेत्र अंतर्गत बाराडीह (मछहा) गांव के पास शनिवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की जान चली गई। घटना उस वक्त हुई जब बाइक सवार युवक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान बाराडीह गांव निवासी विजय विश्वकर्मा (18) पुत्र सुभाष विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो कपसेठी बाजार स्थित एक मोटर गैरेज में मैकेनिक का काम करता था। शनिवार को वह बाइक से कालिका धाम की ओर जा रहा था। जैसे ही वह अपने घर से लगभग 200 मीटर दूर पहुंचा, तभी बरैनी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही विजय सड़क पर गिर पड़ा और तड़पने लगा।

आनन-फानन में परिजनों ने उसे कपसेठी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। नाराज परिजनों ने शव को घटनास्थल पर रखकर बांस-बल्ली लगाकर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान एंबुलेंस को भी परिजनों ने मौके से लौटा दिया।

Advertisement

सूचना पर कपसेठी, बड़ागांव, मिर्जामुराद और राजातालाब थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। स्थिति को संभालने के लिए नायब तहसीलदार राजातालाब और बाद में एसडीएम शिवानी सिंह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों को सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया, तब जाकर परिजन शांत हुए।

विजय अपने परिवार में दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। हादसे के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page