मिर्ज़ापुर
भाजपा नेता मनोज जायसवाल ने किया सक्रिय सदस्यता सम्मेलन का शुभारंभ

मिर्जापुर। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर छानबे विधानसभा क्षेत्र के लालगंज स्थित बाबू उपरौध इंटर कॉलेज में सक्रिय सदस्यता सम्मेलन का आयोजन भव्य रूप से किया गया। इस कार्यक्रम के प्रथम सत्र में भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोज जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक शुक्ला ने की, वहीं संचालन की जिम्मेदारी युवा नेता विपुल सिंह ने निभाई। सम्मेलन में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण और जोशपूर्ण बना रहा।
मुख्य अतिथि मनोज जायसवाल ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के इतिहास और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है, जिसके तेरह करोड़ से भी अधिक सक्रिय सदस्य हैं। पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी और शुरुआती चुनावों में केवल दो सीटें ही मिली थीं, लेकिन राष्ट्रवादी सोच और विकासवादी नीतियों के चलते आज भाजपा देश के कई राज्यों के साथ केंद्र में भी सशक्त सरकार चला रही है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर कार्य करते हुए बिना किसी भेदभाव के देश की सेवा कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या करने वाली पार्टी आज खुद हाशिये पर जा चुकी है। देश के कई राज्यों में कांग्रेस का लगभग सफाया हो चुका है।
भाजपा नेता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को समर्पण भाव से पार्टी और राष्ट्र के लिए कार्य करना होगा।
सम्मेलन में भाजपा के मंडल अध्यक्ष दिनेश अग्रहरि, लवकुश बिंद, मिथिलेश सिंह, प्रेमशीला सिंह, प्रेम बहादुर सिंह, अशोक सिंह, राजेंद्र पाठक, राजेश पटेल सहित अनेक वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और प्रतिबद्धता दोहराई और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का संकल्प लिया।