Connect with us

चन्दौली

बृजनंदनी कान्वेंट स्कूल में धूमधाम से मना वार्षिक समारोह ‘अरात्रिका’

Published

on

Loading...
Loading...

चहनियां (चंदौली)। जिले के चहनियां स्थित बृजनंदनी कान्वेंट स्कूल का वार्षिक समारोह ‘अरात्रिका’ शुक्रवार को पूरे हर्षोल्लास और सांस्कृतिक गौरव के साथ संपन्न हुआ। समारोह का भव्य उद्घाटन काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से पधारे वरिष्ठ प्रोफेसर प्रवेश कुमार श्रीवास्तव ने किया। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में पुरातत्वविद् डॉ. विकास कुमार सिंह, डॉ. सौरभ त्रिपाठी, धनंजय सिंह एवं विद्यालय के चेयरमैन बिरजू अग्रहरि उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह की शुरुआत भगवान श्री गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई, जिससे विद्यालय परिसर में आध्यात्मिकता और शुभता का संचार हुआ।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम की शुरुआत छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत ‘श्री गणेशा’ नृत्य से हुई, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद भारत की सांस्कृतिक विविधता को समेटती प्रस्तुतियों में कक्षा आठ के छात्रों ने विभिन्न राज्यों की परंपराओं और लोक विधाओं को नृत्य के माध्यम से जीवंत कर दिया। गीत-संगीत और रंगारंग कार्यक्रमों ने पूरे माहौल को आनंदमयी बना दिया और उपस्थित जनसमूह को थिरकने पर विवश कर दिया।

उपलब्धियों पर सम्मान की वर्षा
समारोह में विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 400 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

Advertisement

टीचर ऑफ द ईयर अवार्ड रीना सिंह को मिला।

स्टूडेंट ऑफ द ईयर का खिताब कक्षा 6 की छात्रा कुसुम यादव को प्रदान किया गया।

प्रेरणास्पद भाषणों ने बढ़ाया उत्साह
मुख्य अतिथि प्रो. प्रवेश कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए वैश्विक स्तर पर शिक्षा, तकनीक और चुनौतियों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि कठिनाइयों से घबराने की बजाय उनका सामना कर ही सफलता हासिल की जा सकती है।

विशिष्ट अतिथि डॉ. विकास कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महापुरुषों को किसी जाति या वर्ग में बांधने की बजाय उनके विचारों और कार्यों से प्रेरणा लेने की जरूरत है।

सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता — चेयरमैन
चेयरमैन बिरजू अग्रहरि ने समारोह में आए सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि मेहनत और लगन ही सफलता की कुंजी हैं। जो विद्यार्थी आज मंच पर सम्मानित हो रहे हैं, वह उनकी निष्ठा और अनुशासन का प्रतिफल है।

Advertisement

विद्यालय के निदेशक डॉ. अखिलेश अग्रहरि ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया और बच्चों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि असफलता से घबराना नहीं चाहिए, बल्कि उसे सीख मानकर लक्ष्य की ओर निरंतर बढ़ते रहना चाहिए। कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या दीपानिता चक्रवर्ती ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी शिक्षक, अभिभावक और छात्रों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन वाचस्पति पाण्डेय, प्रगति यादव, अपेक्षा यादव, सौरभ यादव, अनन्या सिंह एवं श्रेष्ठ पाल ने किया।समारोह में गोकर्ण प्रधान, नंदनी देवी, भानु प्रताप यादव, विजय मिश्रा, योगेंद्र मिश्रा, आनंद सिंह, धर्मेंद्र यादव, अभिषेक यादव, सलमा बेगम, संजीव मिश्रा, कुंदन सिंह सहित अनेक शिक्षाविद, अभिभावक एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page