जौनपुर
9 से 17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान
14 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा, तिरंगा कॉन्सर्ट में शहीदों के परिजनों का होगा सम्मान
जौनपुर। आजादी के अमृत उत्सव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान मजबूत करने के लिए जिले में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का आयोजन 9 से 17 अगस्त तक किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में शुक्रवार देर शाम अधिकारियों की बैठक हुई।
जिलाधिकारी ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए तिरंगा यात्रा, स्वतंत्रता दिवस समारोह, सुरक्षा, यातायात, प्रचार-प्रसार और सार्वजनिक स्थलों की सजावट के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्यक्रमों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से आयोजित कराने को कहा।
स्कूलों में होंगी देशभक्ति गतिविधियां
9 से 15 अगस्त तक विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में तिरंगा आधारित कला गतिविधियां, स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र, देशभक्ति से जुड़ी कलाकृतियां और ‘वंदे मातरम्’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की फोटो निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
10 से 15 अगस्त तक सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम पर प्रकाश सज्जा की जाएगी। 11 से 15 अगस्त तक विभिन्न स्थानों पर तिरंगा प्रदर्शनियां भी लगेंगी।
14 अगस्त को तिरंगा यात्रा और कॉन्सर्ट
14 अगस्त को विशेष तिरंगा कॉन्सर्ट आयोजित होगा। इसमें स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों और उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। तिरंगा गान, देशभक्ति गीत, सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन के साथ स्कूली और पुलिस बैंड की प्रस्तुतियां होंगी।
इसी दिन सुबह 8:30 बजे तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसमें विद्यार्थी, युवा, पुलिसकर्मी, सरकारी कर्मचारी, महिला स्वयं सहायता समूह, सामाजिक संगठन, एनसीसी-एनएसएस और ‘माई भारत’ के स्वयंसेवक शामिल होंगे।
विभाजन विभीषिका की स्मृतियां भी होंगी प्रदर्शित
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति कार्यक्रम के तहत प्रदर्शनी के माध्यम से विभाजन से जुड़ी घटनाओं और स्मृतियों को लोगों के सामने रखा जाएगा, ताकि नई पीढ़ी को उस दौर के इतिहास से परिचित कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 15 अगस्त को अधिक से अधिक घरों, कार्यालयों और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराया जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है, इसलिए उसकी गरिमा और निर्धारित नियमों का हर स्तर पर पालन सुनिश्चित किया जाए।
