गाजीपुर
25 किलो गांजे की खेप के साथ होंडा सिटी सवार दो तस्कर गिरफ्तार, सुहवल पुलिस की बड़ी कार्रवाई
गाजीपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सुहवल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने सुहवल-रेवतीपुर बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान होंडा सिटी कार से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष सुहवल और उपनिरीक्षक कमलेश कुमार पुलिस टीम के साथ सुहवल-रेवतीपुर बॉर्डर के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मेदनीपुर-बारा मार्ग की ओर जा रही संदिग्ध होंडा सिटी कार को रोककर तलाशी ली गई। कार के अंदर 19 पैकेटों में छिपाकर रखा 24 किलो 900 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जयप्रकाश पुत्र स्वर्गीय दलसिंगार और विशाल कुमार पुत्र अरविंद राम के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त होंडा सिटी कार को कब्जे में ले लिया।
इस मामले में थाना सुहवल में मु.अ.सं. 90/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
