बलिया
हाईटेंशन तार की चपेट में पिता-पुत्र की मौत, परिवार में बची अकेली बेटी
ग्रामीणों में आक्रोश, मुआवजा, सरकारी नौकरी और दोषियों पर कार्रवाई की उठी मांग
बलिया। बांसडीह थाना क्षेत्र में कथित तौर पर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से पिता और पुत्र की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार की इकलौती बेटी सीमा यादव अकेली रह गई है। घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार को जनार्दन यादव हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। आरोप है कि घटना की सूचना बिजली विभाग को दिए जाने के बावजूद समय पर विद्युत आपूर्ति बंद नहीं की गई। इसी दौरान जनार्दन यादव को बचाने का प्रयास कर रहे उनके पुत्र राजेश यादव भी करंट की चपेट में आ गए और उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि राजेश यादव हाल ही में पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) परीक्षा में सफल हुए थे।
बताया जा रहा है कि सीमा यादव दो वर्ष पहले अपनी मां को भी खो चुकी हैं। अब पिता और भाई की मौत के बाद वह परिवार की अकेली सदस्य रह गई हैं।
घटना की सूचना पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के नेता नीरज सिंह ‘गुड्डू’ ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और सरकार से सीमा यादव को सरकारी नौकरी, 50 लाख रुपये का मुआवजा तथा घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह और सपा नेता सीमा राजभर ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, ग्रामीणों ने जर्जर बिजली तारों को जल्द बदलने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
