भदोही
हर घर तिरंगा अभियान में दिखा उत्साह
शिक्षण संस्थानों में गूंजे देशभक्ति के स्वर
प्रभात फेरी, तिरंगा रैली और मार्च पास्ट में शामिल हुए विद्यार्थी; रंगोली, निबंध और काव्य पाठ प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा
भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के निर्देशन में जनपद में हर घर तिरंगा अभियान-2026 को व्यापक जनभागीदारी और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। अभियान के तहत बेसिक, माध्यमिक और डिग्री कॉलेजों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सहभागिता से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूकता को मजबूत करना रहा।
तिरंगा लेकर निकली प्रभात फेरी और रैली
जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में सुबह प्रभात फेरी, मार्च पास्ट और तिरंगा रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ नगर और आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नजर आया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने लोगों को राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने तथा हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रगान और देशभक्ति गीतों से गूंजे विद्यालय
विद्यालयों और महाविद्यालयों में आयोजित प्रार्थना सभाओं में सामूहिक राष्ट्रगान और देशभक्ति गीतों का गायन कराया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों के योगदान और राष्ट्रीय ध्वज के महत्व की जानकारी दी। सामूहिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत किया गया।
सेमिनार में युवाओं की भूमिका पर चर्चा
अभियान के तहत विभिन्न शिक्षण संस्थानों में सेमिनार और संगोष्ठियों का भी आयोजन किया गया। इनमें राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, स्वतंत्रता आंदोलन का गौरवपूर्ण इतिहास और विकसित भारत के संकल्प जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
रंगोली और निबंध प्रतियोगिता में दिखी प्रतिभा
विद्यार्थियों ने तिरंगा रंगोली, निबंध लेखन, काव्य पाठ और वाद्ययंत्र प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के साथ देशभक्ति की भावना को भी अभिव्यक्त किया।
अधिकारियों ने की सक्रिय सहभागिता की अपील
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय और जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान के निर्देशन में शिक्षण संस्थानों में अभियान से जुड़े कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन कराया जा रहा है। अधिकारियों ने शिक्षकों और विद्यार्थियों से अपील की कि वे हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं और राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों से जनपद में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का सकारात्मक वातावरण देखने को मिल रहा है। शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से अभियान को व्यापक जनभागीदारी मिल रही है।
