बलिया
स्वामीनाथ सिंह महाविद्यालय के पांच विद्यार्थियों ने बनाई विश्वविद्यालय की टॉप-10 मेरिट
जयंती शर्मा को गोल्ड मेडल
एमए गृह विज्ञान में विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान, मेधावियों का पदक व प्रशस्ति-पत्र देकर हुआ सम्मान
सिकंदरपुर (बलिया)। श्री स्वामीनाथ सिंह सुरेंद्र महाविद्यालय, धर्मपुर काजीपुर के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद का गौरव बढ़ाया है। महाविद्यालय के पांच विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया, जबकि एम.ए. गृह विज्ञान की छात्रा कुमारी जयंती शर्मा ने सर्वाधिक अंक हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
सम्मान समारोह में मिला पुरस्कार
मेधावी विद्यार्थियों को आयोजित सम्मान समारोह में पद्मश्री प्रो. अशोक कुमार सिंह, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी तथा राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी पंकज एल. जानी ने पदक एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इन विद्यार्थियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
महाविद्यालय के अनुसार, एम.ए. गृह विज्ञान में कुमारी जयंती शर्मा ने विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल जीता, जबकि इसी विषय में कुमारी अमृता यादव ने सातवां स्थान हासिल किया। एम.ए. राजनीति विज्ञान में कुमारी वंदना ने आठवां तथा कुमारी नेहा परवीन ने दसवां स्थान प्राप्त किया। वहीं एम.ए. भूगोल में अमित कुमार ने विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में आठवां स्थान हासिल किया।
महाविद्यालय में खुशी का माहौल
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल रहा। व्यवस्थापक आदित्य प्रताप सिंह ‘सोनू’, प्रबंधक एवं शिक्षकों ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अनुशासन और समर्पण का परिणाम
व्यवस्थापक आदित्य प्रताप सिंह ‘सोनू’ ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता संस्थान के अनुशासित शैक्षणिक वातावरण, शिक्षकों की मेहनत और छात्रों के सतत परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
