बलिया
सोशल मीडिया पोस्ट पर विवाद, महिला सभा अध्यक्ष के खिलाफ दी तहरीर
पुत्री व पार्टी नेतृत्व पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
साक्ष्यों के आधार पर होगी विधिक कार्रवाई, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
रसड़ा (बलिया)। सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुशीला राजभर ने समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर के विरुद्ध कोतवाली रसड़ा में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और विधिक कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर साझा की गई एक पोस्ट में उनकी पुत्री के संबंध में आपत्तिजनक एवं अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है। साथ ही सुभासपा के शीर्ष नेतृत्व के विरुद्ध भी असत्य एवं आधारहीन चारित्रिक आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस पोस्ट का उद्देश्य उनकी पुत्री की छवि धूमिल करना तथा पार्टी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना है।
सुशीला राजभर ने कहा कि इस तरह की पोस्ट से उनके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा के साथ-साथ पार्टी की राजनीतिक एवं सामाजिक छवि भी प्रभावित हुई है। उन्होंने मामले को गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
उधर, कोतवाली रसड़ा पुलिस ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में प्राप्त तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान प्रदेश महासचिव शिवेंद्र बहादुर सिंह, रुद्र प्रताप सिंह, अंशु राजभर, प्रदीप गिरी सहित सुभासपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
