गोरखपुर
सीएम योगी ने किया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास
गोरखपुर। गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग पर स्थित ताल नदोर में शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास किया। 46 एकड़ क्षेत्रफल में बनने वाले इस स्टेडियम के निर्माण पर 393 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य 23 दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यानी अगले 19 महीनों में स्टेडियम तैयार हो जाएगा।

शिलान्यास कार्यक्रम में भारत सरकार के प्राकृतिक एवं पेट्रोलियम गैस मंत्री हरदीप पुरी, प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव तथा इंडियन आयल के चेयरमैन भी मौजूद रहे। स्टेडियम स्थल पर मंच के पीछे मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया। इसके बाद उन्होंने स्टेडियम का मॉडल देखा और अधिकारियों से परियोजना की जानकारी ली। फिर मंच पर पहुंचकर शिलान्यास किया।

गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद प्रशासन की ओर से ताल नदोर में उपलब्ध कराई गई जमीन पर 24 दिसंबर 2025 से निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया था। औपचारिक शिलान्यास से पहले ही सरकार की ओर से जारी परियोजना लागत की पहली किश्त 63.39 करोड़ रुपये से कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। कार्यदाई संस्था लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड एक (भवन) के अनुसार अब तक करीब सात प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। स्टेडियम का निर्माण 23 दिसंबर 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा।
गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को गोरखपुर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उनका कहना है कि इंटरनेशनल स्टेडियम बनने के बाद गोरखपुर विश्व स्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर और खेलों के अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए भी पहचाना जाएगा।
46 एकड़ क्षेत्र में बन रहे इस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की दर्शक क्षमता 30 हजार होगी। स्टेडियम ‘ग्राउंड प्लस टू फ्लोर’ डिजाइन पर तैयार किया जाएगा। मुख्य मैदान पर खिलाड़ियों के लिए सात प्लेइंग पिच और चार प्रैक्टिस पिच बनाई जाएंगी। पूर्वी और पश्चिमी स्टैंड में 14490-14490 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था रहेगी।
नार्थ पैवेलियन में 208 वीआईपी और 382 मीडियाकर्मियों के बैठने की सुविधा होगी, जबकि साउथ पैवेलियन में 1708 वीवीआईपी और वीआईपी के लिए व्यवस्था की जाएगी। रात्रिकालीन मैचों के आयोजन के लिए स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानकों के चार हाई मास्ट लाइट लगाए जाएंगे। यहां क्रिकेट के अलावा अन्य बड़े आयोजन भी कराए जा सकेंगे।

ताल नदोर में बन रहा यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम कनेक्टिविटी के लिहाज से भी बेहतरीन स्थान पर स्थित है। गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन राजमार्ग से जुड़ा यह स्थल गोरखपुर एयरपोर्ट से करीब 24 किलोमीटर और रेलवे स्टेशन से लगभग 20 किलोमीटर दूर है। ऐसे में खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए यहां पहुंचना काफी आसान होगा।
गोरखपुर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण में देश की प्रमुख पेट्रोलियम कंपनियां अपने सीएसआर (कारपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी) फंड से कुल 100 करोड़ रुपये का योगदान दे रही हैं। एमओयू के बाद धनराशि आवंटन की प्रक्रिया जारी है। स्टेडियम निर्माण के लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड 60 करोड़ रुपये, भारत पेट्रोलियम 30 करोड़ रुपये और हिंदुस्तान पेट्रोलियम 10 करोड़ रुपये उपलब्ध करा रही हैं।
