आजमगढ़
सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसएसपी ने सुनीं 208 शिकायतें
भूमि विवाद, अवैध कब्जों और जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए सख्त निर्देश
आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में शनिवार को तहसील मेंहनगर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान आमजन की समस्याओं को सुनते हुए उनके त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जनपद की अन्य तहसीलों में भी नामित अधिकारियों की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित कर शिकायतें सुनी गईं।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सर्वाधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित प्राप्त हो रही हैं। ऐसे मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग संयुक्त रूप से मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करें तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करें, ताकि शिकायतकर्ता को बार-बार शिकायत न करनी पड़े।
सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे हटाने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि न्यायालय में विचाराधीन भूमि विवादों में दोनों पक्षों को शांत कराते हुए स्पष्ट संयुक्त आख्या प्रस्तुत की जाए तथा कानून-व्यवस्था हर हाल में बनाए रखी जाए। उन्होंने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अतिक्रमण हटाने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने भूमि विवादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करते हुए नियमानुसार पैमाइश, सीमांकन और वास्तविक पात्र को कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति पैमाइश के बाद खूंटा उखाड़ता है या सरकारी कार्य में बाधा डालता है तो उसके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
शुरुआती स्तर पर ही हो प्रभावी निस्तारण : एसएसपी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि शिकायतों का प्रभावी निस्तारण प्रारंभिक स्तर पर ही कर दिया जाए, ताकि लोगों को बार-बार अधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने तथा मेड़बंदी तोड़ने, जबरन कब्जा करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
208 शिकायतों में चार का मौके पर हुआ निस्तारण
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 208 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 204 शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए भेज दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा, परियोजना निदेशक सच्चिदानंद, उपजिलाधिकारी मेंहनगर भूपाल सिंह, तहसीलदार विवेकानन्द दूबे सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
