भदोही
सपा ने मनाई ‘छोटे लोहिया’ जनेश्वर मिश्र की जयंती
जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव ने उनके समाजवादी विचारों को बताया प्रेरणा, भाजपा सरकार पर साधा निशाना
ज्ञानपुर/भदोही। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय लोहिया ट्रस्ट, कंसापुर में मंगलवार को पार्टी के संस्थापक सदस्य एवं प्रख्यात समाजवादी चिंतक पंडित जनेश्वर मिश्र की जयंती प्रेम, दया और अपनापन के भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर समाजवादी विचारधारा पर चलने का संकल्प लिया।
जनेश्वर मिश्र के सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव ने कहा कि पंडित जनेश्वर मिश्र समाजवादी विचारधारा के सच्चे प्रतिनिधि थे। समाज और गरीबों के प्रति उनका समर्पण उन्हें ‘छोटे लोहिया’ के रूप में पहचान दिलाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके आदर्शों और सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान किया।
भाजपा सरकार पर लगाया आरोप
प्रदीप यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने एशिया का सबसे बड़ा जनेश्वर मिश्र पार्क बनवाया, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार वहां उनकी जयंती मनाने की अनुमति नहीं दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे सरकार की सोच उजागर होती है और वह समाजवादी नेताओं के सम्मान से परहेज कर रही है।
सादगीपूर्ण जीवन को बताया प्रेरणा
जिलाध्यक्ष ने कहा कि पंडित जनेश्वर मिश्र कई बार लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य तथा सात बार केंद्रीय मंत्री रहे, लेकिन उन्होंने हमेशा सादगीपूर्ण जीवन जिया। उन्होंने बताया कि उनका जन्म 5 अगस्त 1933 को बलिया जिले के शुभनाथहीं गांव में हुआ था। इलाहाबाद से समाजवादी आंदोलन में सक्रिय होकर उन्होंने अपना पूरा जीवन समाजवादी मूल्यों के लिए समर्पित कर दिया।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन संतोष यादव ने किया। इस अवसर पर आरिफ सिद्दीकी, रामधनी यादव, कमला महतो, रवि यादव, सरिता बिंद, पंचलाल सरोज, महेंद्र, बुधीराम यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
