वाराणसी
सड़क हादसों पर सख्त हुए कमिश्नर, ब्लैक स्पॉट सुधारने के निर्देश
स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच को लेकर परिवहन और पुलिस विभाग अलर्ट
वाराणसी। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। जिसमें सभी स्टेकहोल्डर विभागों के साथ मनोज कुमार वर्मा, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), राघवेंद्र सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी तथा वाराणसी मंडल के अंतर्गत आने वाले समस्त जनपदों के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने गत् 29 दिसम्बर को बैठक में दिये गये निर्देशों के अनुपालन के साथ ही वाराणसी मंडल में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा की। गत वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों एवं घायल व्यक्तियों की संख्या में वृद्धि पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक दुर्घटना के कारणों की पृथक-पृथक समीक्षा किए जाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने ब्लैक स्पॉट चिन्हित स्थानों पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर कट प्वाइंट्स के निकट रम्बल स्ट्रिप्स, ब्लिंकर एवं आवश्यक संकेतक (साइनेज) लगाए जाएं। साथ ही रोड मर्जर प्वाइंट्स एवं अंडरपास के निकट भी गति नियंत्रण एवं स्पीड कैल्मिंग उपाय सुनिश्चित किए जाएं, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
मंडलायुक्त ने जनपदों के एआरटीओ, पुलिस अधिकारियों एवं संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि वे जनपदों के ब्लैक स्पॉट स्थलों पर 15 दिवस के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि परिवहन विभाग, पुलिस विभाग एवं शिक्षा विभाग के समन्वय से यह सुनिश्चित किया जाए कि बिना फिटनेस प्रमाण-पत्र वाले कोई भी स्कूल वाहन संचालित न हों।
परिवहन विभाग द्वारा फिटनेस में अनुत्तीर्ण (Fitness Fail) स्कूल वाहनों की थाना-वार सूची पुलिस विभाग को उपलब्ध कराई जाएगी तथा संबंधित पुलिस विभाग द्वारा ऐसे वाहनों के संचालन पाए जाने पर उनकी जब्ती हेतु आवश्यक स्थान एवं व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
सरकार द्वारा संचालित हिट एंड रन योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पीड़ितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने हेतु सक्षम अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही प्रत्येक दुर्घटना की जांच कर अज्ञात वाहन से संबंधित प्रकरणों को आर्थिक सहायता दिलाए जाने हेतु जिला सड़क सुरक्षा समिति को प्रेषित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने हिट एंड रन योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु मंडल के सभी जनपदों में प्रमुख स्थानों एवं चौराहों पर फ्लेक्स लगाए जाने के भी निर्देश दिए।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक गुड सेमेरिटन/राहवीरों की पहचान कर उन्हें अनुग्रह राशि दिलाई जाए तथा उन्हें सम्मानित किए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस विभाग को राहवीर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु समन्वय स्थापित कर पात्र व्यक्तियों की पहचान, सत्यापन एवं समयबद्ध प्रोत्साहन राशि वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
