गोरखपुर
संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे 11 फरियादी, निस्तारण रहा शून्य
सभी शिकायतें राजस्व विभाग से जुड़ीं, कार्रवाई के निर्देश देकर लौटे अधिकारी
गोला थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों को नहीं मिली तत्काल राहत
गोलाबाजार, गोरखपुर। थाना परिसर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 11 शिकायतें दर्ज की गईं। सभी शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं, लेकिन मौके पर किसी भी मामले का निस्तारण नहीं हो सका। शिकायतों के समाधान न होने से फरियादियों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा।
समाधान दिवस की अध्यक्षता नायब तहसीलदार बालचंद चौहान एवं थाना प्रभारी निरीक्षक सीपी पाण्डेय ने की। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

भूमि विवाद और अतिक्रमण से जुड़ी रहीं अधिकांश शिकायतें
चंद चौराहा निवासी रणविजय चंद पुत्र स्वर्गीय राजनारायण चंद ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने ग्राम बेवरी में भूमि का बैनामा कराया है। आरोप है कि उनकी बैनामाशुदा भूमि पर नगर पंचायत गोला द्वारा गलत तरीके से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य रोकने, भूमि की जांच कराने और उचित कार्रवाई की मांग की।
वहीं बारानगर निवासी लक्ष्मी पत्नी भरथ, सावित्री पत्नी लक्ष्मण एवं सुजीत पुत्र बलिराम ने शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने रास्ते की भूमि छोड़कर अपनी निजी जमीन पर मकान बनाया है, लेकिन पड़ोसी द्वारा सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण कर कंटीले तार लगा दिए गए हैं। इससे लोगों और पशुओं के आवागमन में परेशानी हो रही है। शिकायतकर्ताओं ने अतिक्रमण हटवाने की मांग की।
समाधान दिवस की व्यवस्था पर उठे सवाल
संपूर्ण समाधान दिवस में लगातार शिकायतों के निस्तारण नहीं होने से फरियादियों में निराशा देखने को मिली। लोगों का कहना है कि यदि शिकायतों का समय से समाधान नहीं होगा तो आमजन का समाधान दिवस से भरोसा कम हो सकता है।
इस अवसर पर राजस्व विभाग के कर्मचारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण का निर्देश दिया।
