Connect with us

वाराणसी

विवेक की उड़ान में दिखा भविष्य का एयरोस्पेस इंजीनियर, एसडीएम ने की सराहना

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जनपद के सेवापुरी ब्लॉक के ग्राम पंचायत बनौली निवासी बारहवीं के छात्र विवेक दुबे ने कम संसाधनों में फ्लाइंग जेट का मॉडल तैयार कर अपने सपनों को उड़ान दी है। करीब 11 हजार रुपये की लागत से बनाए गए इस मॉडल जेट को उन्होंने 900 मीटर की ऊंचाई तक उड़ाने में सफलता हासिल की। छात्र की इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही एसडीएम राजातालाब शांतनु कुमार उनके घर पहुंचे और उनके प्रयासों की प्रशंसा की।

विवेक दुबे, सिल्वर ग्रोव सेवापुरी में इंटरमीडिएट के छात्र हैं। उनके पिता शिवशंकर दुबे सिक्योरिटी गार्ड का कार्य करते हैं और परिवार का भरण-पोषण करते हैं। विवेक ने बताया कि आसमान में उड़ते हवाई जहाजों को देखकर उनके मन में स्वयं एक जेट बनाने की इच्छा जागी। इसके बाद उन्होंने कागज से मॉडल बनाकर शुरुआती कोशिश की और फिर सोशल मीडिया के माध्यम से तकनीकी जानकारी जुटाई।

पढ़ाई के लिए मिलने वाले पैसों में बचत करने और गांव के छोटे बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर उन्होंने मॉडल निर्माण के लिए धन एकत्र किया। आवश्यक उपकरणों की खरीद के बाद उन्होंने जेट में कंट्रोल रिसीवर और ट्रांसमीटर लगाया, जिससे दिशा और ऊंचाई नियंत्रित की जा सके।

सिवान के खुले मैदान में मॉडल जेट को उड़ाने की कोशिश के दौरान कई बार यह क्रैश होकर गिरा, लेकिन विवेक ने हार नहीं मानी। लगातार प्रयास के बाद अंततः उन्होंने 900 मीटर की ऊंचाई तक जेट को सफलतापूर्वक उड़ाया, जिसे देखकर आसपास के ग्रामीण भी उत्साहित हो उठे।

एसडीएम राजातालाब ने कहा कि विवेक की लगन प्रेरणादायक है और यदि वह इसी तरह लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ते रहे, तो भविष्य में बड़ी उपलब्धियाँ हासिल कर सकते हैं।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page