Connect with us

वाराणसी

वाराणसी में 22 मई से घर-घर पहुंचेगी जनगणना टीम, नागरिक रखें SID तैयार

Published

on

Loading...
Loading...

प्रगणकों को सौंपे गए क्षेत्र, ड्यूटी कार्ड और किट समय से उपलब्ध कराने के निर्देश

वाराणसी। जनपद में स्व-जनगणना का कार्य तेजी से जारी है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 7 मई से अब तक 33 हजार से अधिक मकानों की स्व-जनगणना और हाउस लिस्टिंग पूरी की जा चुकी है। स्व-जनगणना अभियान 7 मई से संचालित है और 21 मई तक चलेगा। यानी महज तीन दिन शेष बचे हैं।

इसके बाद 22 मई से 20 जून तक वास्तविक जनगणना का कार्य प्रशिक्षण प्राप्त प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की निगरानी में किया जाएगा। प्रगणक घर-घर जाकर यह प्रक्रिया पूरी करेंगे। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जनपदवासियों से समय पर जनगणना कार्य पूर्ण कराने में सहयोग की अपील की है।

उन्होंने कहा कि जनगणना केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक महत्वपूर्ण आधार है। स्व-जनगणना के जरिए नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं, जिससे आंकड़ों की शुद्धता, विशेष रूप से प्रवासी स्थिति जैसी जानकारियों में, बढ़ोतरी होती है। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक संख्या में स्व-जनगणना करने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का अनुरोध किया।

प्रगणक और पर्यवेक्षक अपने क्षेत्र में रहेंगे मौजूद

Advertisement

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनगणना अधिनियम 1948 के तहत जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा या लापरवाही दंडनीय है। 22 मई 2026 से प्रत्येक प्रगणक और पर्यवेक्षक को अपने निर्धारित क्षेत्र में कार्य करना अनिवार्य रहेगा।

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को समय से ड्यूटी कार्ड, जनगणना किट और हाउस लिस्टिंग ब्लॉक से संबंधित नक्शे उपलब्ध करा दिए जाएं तथा वे अपने क्षेत्र का भौतिक सत्यापन भी सुनिश्चित करें।

नागरिकों को 33 सवालों के देने होंगे जवाब

केंद्र सरकार की इस पहल के तहत नागरिक पहली बार आधिकारिक पोर्टल (https://se.census.gov.in) पर जाकर स्वयं और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। नागरिक मोबाइल नंबर और नाम के माध्यम से पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं।

ओटीपी सत्यापन के बाद कुल 33 सवालों वाली प्रश्नावली भरनी होगी। प्रक्रिया पूरी होने पर प्रत्येक परिवार को एक 11 अंकों की “एसआईडी” प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी होगा।

Advertisement

22 मई से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

स्व-जनगणना पूरी कर चुके परिवारों के पास 22 मई से शुरू होने वाले जनगणना सर्वे के दौरान प्रगणक पहुंचेंगे। उस समय परिवारों को केवल अपनी एसआईडी दिखानी होगी। यदि जानकारी रिकॉर्ड से मेल खाती है तो उसे तुरंत स्वीकार कर लिया जाएगा, जिससे समय की बचत होगी।

जनगणना के दौरान किसी भी प्रकार की बैंक संबंधी जानकारी या आधार संख्या जैसे दस्तावेज नहीं मांगे जाएंगे। हालांकि, प्रगणक के आने पर उनका आधिकारिक पहचान पत्र अवश्य देख लें।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page