वाराणसी
वाराणसी में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, एमएसएनसीयू का शिलान्यास
वाराणसी। कबीरचौरा स्थित राजकीय जिला महिला चिकित्सालय में बनने वाले एमएसएनसीयू (मैटरनल सिक न्यूबॉर्न केयर यूनिट) भवन का रविवार को शहर दक्षिणी विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने शिलान्यास किया। लगभग 2.55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस अत्याधुनिक यूनिट में माताओं के लिए 24 बेड और नवजात शिशुओं के लिए 24 बेड की व्यवस्था होगी।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि यह परियोजना मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने बताया कि यूनिट के शुरू होने के बाद गरीब महिलाओं और नवजात बच्चों को प्रसव के बाद आधुनिक चिकित्सीय सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि समय से पूर्व जन्म लेने वाले या बीमार नवजात शिशुओं को अब उपचार के लिए मां से दूर अन्य अस्पतालों में भेजने की आवश्यकता कम होगी। नई यूनिट में ऐसे बच्चों का इलाज मां के संपर्क में रहकर किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि यह सुविधा अत्याधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित स्टाफ से सुसज्जित होगी, जिसमें न्यूनतम इनवेसिव वेंटिलेशन, फोटोथेरेपी, वार्मर और इनक्यूबेटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।डॉ. तिवारी ने कहा कि महिला अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में प्रसव होते हैं और आसपास के जिलों से भी मरीज यहां पहुंचते हैं।
ऐसे में नई यूनिट बनने से बीएचयू और अन्य अस्पतालों में रेफर किए जाने वाले मामलों में कमी आएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यूनिट जिले में नवजात मृत्यु दर कम करने में अहम भूमिका निभाएगी।
उन्होंने बताया कि गाजियाबाद के बाद यह प्रदेश का दूसरा अत्याधुनिक एमएसएनसीयू होगा, जिसका निर्माण लगभग चार माह में पूरा होने का लक्ष्य है।कार्यक्रम में महानगर उपाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव, महानगर महामंत्री जगदीश त्रिपाठी, इं. अशोक यादव, राजीव सिंह डब्बू, बबलू सेठ, तारकेश्वर गुप्ता, संजय केशरी, संतोष सोलापुरकर, श्रवण गुप्ता, इंद्रेश सिंह, कनकलता मिश्र, अंकुर मेहरोत्रा, मनोज यादव समेत चिकित्सालय के डॉक्टर और स्टाफ उपस्थित रहे।
